ट्रस्ट के अध्यक्ष निर्दोष कुमार ने कहा- शिक्षा से संवरेगा भविष्य, नशे से दूर रहकर समाज को बनाएं बेहतर

सतबरवा। सतबरवा प्रखंड की रबदा पंचायत के सगही गांव में नारायण सेवा समिति ट्रस्ट की ओर से सामाजिक पहल करते हुए सैकड़ों वस्त्रों का वितरण किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करने के साथ नशे से दूर रहने की अपील की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंदों की सहायता करने के साथ समाज में शिक्षा और नशामुक्ति का संदेश फैलाना था।

मौके पर ट्रस्ट के अध्यक्ष निर्दोष कुमार ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के जीवन में बदलाव लाने का सबसे सशक्त माध्यम है। शिक्षित समाज ही विकास की नई राह बना सकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उनकी पढ़ाई के प्रति गंभीर रहें। शिक्षा बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनके बेहतर भविष्य की नींव भी रखती है।

उन्होंने नशे के दुष्परिणामों पर चर्चा करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और आर्थिक स्थिति पर बुरा प्रभाव डालता है। नशे की लत के कारण कई परिवारों का भविष्य प्रभावित होता है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, रोजगार और सामाजिक कार्यों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से बच्चों को अच्छी शिक्षा देने और गांव में नशामुक्त वातावरण बनाने में सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान वस्त्र वितरण के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। मौके पर पचू भुईयां, मदन भुईयां, अमर भुईयां, तपेश्वर भुईयां और महेश्वर भुईयां सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *