सतबरवा । दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही सतबरवा शहर और आसपास के गांवों में रौनक बढ़ गई है। घरों में साफ-सफाई और रंग-रोगन का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। घरों की दीवारों को नए रंग से रंगा जा रहा है, वहीं आंगन को गोबर से लीपा जा रहा है। महिलाएं घरों की सजावट और त्योहार की तैयारियों में जुटी हैं।
वहीं, दीपावली के साथ ही लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियां भी जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। छठ व्रती सुप, दउरा, बांस की टोकरी, मिट्टी के दीये, नारियल और अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं। बाजार में सुप-दउरा की दुकानों पर सुबह से शाम तक ग्राहकों की भीड़ देखी जा रही है।
दुकानदारों का कहना है कि इस बार सुप-दउरा की मांग पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है। लोग दीपावली की खरीदारी के साथ ही छठ पूजा की जरूरी सामग्री भी पहले से जुटा रहे हैं। इससे बाजार में दोहरी रौनक देखने को मिल रही है। कपड़े, मिठाई, सजावटी सामान, पूजा सामग्री और मिट्टी के बर्तनों की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है।
ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए सतबरवा बाजार पहुंच रहे हैं। दीपावली को लेकर बच्चे पटाखे, खिलौने और मिठाइयों को लेकर उत्साहित हैं, वहीं महिलाएं घरों को आकर्षक ढंग से सजाने के लिए रंगोली, झालर और दीप खरीद रही हैं।
इधर, त्योहारों के मद्देनजर प्रशासन भी सतर्क है। बाजार में पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई है, ताकि खरीदारी के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में परेशानी न हो। कुल मिलाकर दीपावली और छठ पूजा को लेकर सतबरवा का बाजार पूरी तरह त्योहारों के रंग में रंगने लगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *