मेदिनीनगर । झारखंड मुक्ति मोर्चा के पलामू जिला अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद सिन्हा ने केंद्र सरकार और भाजपा नेताओं के रवैये पर कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि देश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की परेशानी और युवाओं के भविष्य को लेकर जवाब मांग रही है। लेकिन भाजपा इन बुनियादी सवालों का जवाब देने के बजाय राजनीतिक प्रदर्शन और प्रचार की राजनीति में लगी हुई है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। देश की जनता को भाषण नहीं, रोजगार चाहिए; महंगाई पर राहत चाहिए; किसानों को सम्मान और युवाओं को भविष्य चाहिए। आखिर कब तक जनता को नारों और प्रचार के सहारे गुमराह करने की कोशिश की जाएगी?

भाजपा की पदयात्रा पर तीखा हमला शिवाजी मैदान से कचहरी तक निकाली गई भाजपा की पदयात्रा पर प्रतिक्रिया देते हुए राजेन्द्र प्रसाद सिन्हा ने कहा कि भाजपा नेताओं को जनता के बीच जाने से पहले अपने राजनीतिक कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए। पदयात्रा निकालना आसान है, लेकिन जनता के सवालों का सामना करना मुश्किल है।आलोक चौरसिया जी, तीन बार विधायक बनने के बाद भी जवाब नहीं, तो जनता सवाल क्यों न पूछे?

उन्होंने सीधे सवाल करते हुए कहा कि आलोक चौरसिया जी, पलामू की जनता ने आपको लगातार तीन बार अपना प्रतिनिधि चुना। भाजपा की सरकार भी लंबे समय तक राज्य की सत्ता में रही। इसके बावजूद आज आप विकास और व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। पहले पलामू की जनता को अपने कार्यकाल के पांच ठोस विकास कार्य गिनाइए।जब पत्रकारों ने आपसे पांच विकास कार्यों का नाम पूछा था और आप जवाब नहीं दे पाए, तो आज जनता के सामने किस उपलब्धि के आधार पर सवाल उठा रहे हैं?

हेमंत सरकार की योजनाओं पर राजनीति बर्दाश्त नहीं –

राजेन्द्र प्रसाद सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में मईंयां सम्मान योजना, अबुआ आवास सहित जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को सहायता देने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा को गरीबों के हित में चल रही योजनाओं पर राजनीति करने के बजाय अपनी नीतियों और कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए।

भाजपा को खुली राजनीतिक चुनौती –

राजेन्द्र प्रसाद सिन्हा ने कहा कि लोकतंत्र में जनता से बड़ा कोई नहीं है। अखबारों में तस्वीरें छपवाने, भीड़ जुटाने और राजनीतिक बयान देने से विकास साबित नहीं होता। विकास का प्रमाण जनता के जीवन में बदलाव से मिलता है।भाजपा के नेता पहले अपने कार्यकाल का हिसाब दें, फिर हेमंत सरकार से सवाल करें। पलामू की जनता अब सवाल पूछ रही है और हर जनप्रतिनिधि को जवाब देना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *