मेदिनीनगर। कुछ दिन पूर्व हुए भीषण सड़क हादसे में दो परिवारों के सात सदस्यों की मौत से पूरा समाज मर्माहत है। इस हादसे ने एक परिवार के तीन मासूम बच्चों को बेसहारा कर दिया है। इनमें सात वर्षीय एक बालक और दो बच्चियां शामिल हैं। कम उम्र में ही माता-पिता सहित परिवार के अन्य सदस्यों को खोने वाले इन बच्चों के सामने अब परवरिश और शिक्षा के साथ भविष्य संवारने की चुनौती खड़ी हो गई है।
इस दुख की घड़ी में संत मरियम स्कूल के चेयरमैन अविनाश देव ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर परिजनों को ढाढ़स बंधाया। उन्होंने मासूम बच्चों से मिलकर उनका हाल जाना और उनकी पढ़ाई में हरसंभव सहयोग करने का भरोसा दिया। अविनाश देव ने कहा कि इतनी कम उम्र में बच्चों के सिर से अपनों का साया उठ जाना बेहद पीड़ादायक है। ऐसे समय में बच्चों को अकेला छोड़ने के बजाय समाज के लोगों को आगे आकर उनके भविष्य की जिम्मेदारी साझा करनी चाहिए।
वहीं, झारखंड कुम्हार समन्वय समिति ने भी बच्चों की शिक्षा, परवरिश और आर्थिक सुरक्षा के लिए सामूहिक पहल की अपील की है। समिति का कहना है कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का छोटा-सा आर्थिक सहयोग भी इन बच्चों के भविष्य के लिए बड़ी उम्मीद बन सकता है। लोगों से अपनी सामर्थ्य के अनुसार आर्थिक मदद देने की अपील की गई है।
इस दौरान कमल शंकर पंडित, सुरेंद्र पंडित, कृष्णा पंडित, मोहन पंडित, तोखन प्रजापति, गोपाल पंडित, सिकंदर पंडित और संतोष प्रजापति सहित बरही (हजारीबाग) के लोग मौजूद थे। सभी बिहारो, बगोदर के कुंजो पंडित के पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जरूर पढ़े