सतबरवा। थाना क्षेत्र के तुंबागड़ा से छिपादोहर की ओर जाने वाली ग्रामीण सड़क पर गुरुवार को रांकी खुर्द गांव के खैराही नाला स्थित पुलिया में एक कार अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। हादसा अपराह्न करीब 4 बजे हुआ। कार पुलिया से नीचे पानी में गिरकर पूरी तरह पलट गई।कार के गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कार पानी में उलटी पड़ी थी और चालक उसके अंदर फंसा हुआ था। ऐसे में मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता और मानवता का परिचय देते हुए पानी में छलांग लगा दी। उन्होंने कार का गेट खोलकर चालक को बाहर निकाला। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजे जाने की सूचना मिली। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक चालक के अस्पताल पहुंचने की पुष्टि नहीं हो सकी थी।
