मेदिनीनगर । पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने आज रांची में झारखंड सरकार के परिवहन एवं नागरिक विमानन विभाग के निदेशक (ऑपरेशंस) से मुलाकात कर पलामू संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत मेदिनीनगर स्थित चियांकी एयरपोर्ट के विकास एवं यहां से नियमित हवाई सेवा शुरू कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की।सांसद श्री राम ने कहा कि आरसीएस-उड़ान योजना के चरण 4.2 के तहत मेदिनीनगर (चियांकी) एयरपोर्ट को विकास एवं क्षेत्रीय उड़ानों के परिचालन के लिए चिह्नित किया गया था। हालांकि, झारखंड सरकार द्वारा आवश्यक भूमि उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण अब तक इस दिशा में अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी है। विदित है कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा उड़ान योजना के आगामी चरण में चैलेंज मोड फ्रेमवर्क की व्यवस्था की गई है। इसके तहत भूमि अधिग्रहण पर होने वाला खर्च तथा हवाई अड्डे के विस्तार की लागत भारत सरकार द्वारा वहन की जाएगी। इससे चियांकी एयरपोर्ट के विकास एवं यहां से हवाई सेवा शुरू होने की संभावनाएं बढ़ गई हैं।इस व्यवस्था के अंतर्गत राज्य सरकार अपनी क्षेत्रीय कनेक्टिविटी की आवश्यकताओं के अनुरूप चियांकी एयरपोर्ट को विकास के लिए नामित कर सकती है। इसके लिए आवश्यक दस्तावेजों एवं भूमि संबंधी औपचारिकताओं को पूरा करते हुए निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रस्ताव भेजना होगा।सांसद ने बताया कि एयरपोर्ट के निरीक्षण के दौरान कुछ महत्वपूर्ण कमियां एवं आवश्यक सुधार संबंधी ऑब्जर्वेशन सामने आए हैं, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर करना आवश्यक है। इनमें प्रमुख रूप से निम्नलिखित बिंदु शामिल हैं:—1. एयरपोर्ट के नाम का सूचना बोर्ड नहीं होना: एयरपोर्ट के मुख्य प्रवेश द्वार अथवा उसके आसपास कहीं भी ‘चियांकी एयरपोर्ट’ नाम का सूचना बोर्ड उपलब्ध नहीं पाया गया।2. एप्रन एवं रनवे में पेवमेंट का कार्य शुरू नहीं होना: एयरपोर्ट के एप्रन क्षेत्र एवं रनवे में पेवमेंट (सतही पक्कीकरण) का कार्य अब तक प्रारंभ नहीं किया गया है।3. पुरानी चहारदीवारी का क्षतिग्रस्त होना एवं परिसर का अनधिकृत उपयोग: एयरपोर्ट की पुरानी चहारदीवारी के दक्षिणी हिस्से में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा लगभग 4×7 फीट आकार के 5 से 6 स्थानों पर दीवार तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। इसके अलावा, चहारदीवारी के अंदर स्थित एयरपोर्ट परिसर का भी अनधिकृत रूप से उपयोग किया जा रहा है। परिसर में भैंसें बांधी जा रही हैं, गोबर डंप किया जा रहा है तथा सब्जियों की खेती की जा रही है।4. नवनिर्मित चहारदीवारी को क्षति पहुंचाना: भवन निर्माण विभाग के एसडीओ एवं संवेदक से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा नवनिर्मित चहारदीवारी को भी लगभग 4×5 फीट के आकार में तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। हालांकि, संवेदक द्वारा क्षतिग्रस्त हिस्से की पुनः मरम्मत कराकर दीवार का निर्माण करा दिया गया है।उपरोक्त संबंध में सांसद राम ने झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर से अनुरोध किया है कि चियांकी एयरपोर्ट को उड़ान योजना के आगामी चरण के चैलेंज मोड फ्रेमवर्क के अंतर्गत शामिल कराने के लिए आवश्यक पहल की जाए। साथ ही, एयरपोर्ट के निरीक्षण में सामने आई कमियों को दूर कराते हुए क्षेत्रीय कनेक्टिविटी की आवश्यकताओं के अनुरूप इसे विकास के लिए नामित किया जाए। वित्त मंत्री ने आश्वासन दिया है कि वे उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के साथ चियांकी एयरपोर्ट का निरीक्षण करेंगे तथा निरीक्षण में सामने आई कमियों को दूर कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।सांसद श्री राम ने कहा कि पलामू और गढ़वा की जनता को बेहतर हवाई कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना उनका निरंतर प्रयास रहा है। चियांकी एयरपोर्ट का विकास एवं यहां से नियमित वाणिज्यिक उड़ानों का परिचालन शुरू होने से इस क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन, उद्योग, निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इससे पलामू-गढ़वा सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी काफी लाभ मिलेगा। साथ ही उन्होंने झारखंड सरकार से अनुरोध किया है कि पलामू-गढ़वा की जनभावनाओं एवं क्षेत्र के विकास की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक भूमि एवं दस्तावेजों की उपलब्धता सुनिश्चित कर चियांकी एयरपोर्ट के विकास और हवाई सेवा शुरू कराने की दिशा में शीघ्र सकारात्मक पहल करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जरूर पढ़े