पलामू। पलामू जिले के पांडू बाजार में चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए मां भगवती ज्वेलर्स दुकान में सेंधमारी कर तीन लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोर दुकान की पिछली दीवार तोड़कर अंदर घुसे और आभूषण लेकर फरार हो गए। गुरुवार की सुबह चोरी की घटना सामने आने के बाद पूरे बाजार में हड़कंप मच गया।ज्वेलर्स दुकानों में लगातार तीसरी बार चोरी की घटना से नाराज व्यवसायियों का आक्रोश फूट पड़ा। आक्रोशित दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पांडू-कजरी कला मुख्य सड़क को करीब तीन घंटे तक जाम रखा। व्यवसायियों का कहना था कि बाजार की प्रमुख दुकानों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है, लेकिन चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।बताया जाता है कि चोरों ने दुकान की पिछली दीवार में सेंधमारी कर अंदर प्रवेश किया और सोने-चांदी के आभूषण समेटकर फरार हो गए। पांडू बाजार में ज्वेलर्स दुकानों में चोरी की यह लगातार तीसरी घटना है। बार-बार हो रही वारदातों से व्यवसायियों में भय और असुरक्षा का माहौल है। उनका कहना है कि जब बाजार की प्रमुख दुकानें ही सुरक्षित नहीं हैं, तो छोटे कारोबारियों की सुरक्षा की चिंता भी स्वाभाविक है।घटना के विरोध में व्यवसायियों ने गुरुवार सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक सड़क जाम रखा। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की।
