सतबरवा

राष्ट्रीय चौहान महासंघ के संस्थापक अध्यक्ष महामहिम आदरणीय मुनीब सिंह चौहान साहब अब हमारे बीच नहीं रहे। 17 नवंबर की रात 10 बजे वाराणसी के हेरिटेज हॉस्पिटल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही पलामू में शोक की लहर दौड़ गई। जगह-जगह लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दी।

जीवन भर समाज के लिए जिए –

समाज उन्हें मसीहा कहता था। यह उपाधि उन्हें ऐसे ही नहीं मिली थी। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज की एकता, संगठन, सम्मान और उत्थान के लिए समर्पित कर दिया था।

जब समाज बिखरा हुआ था, लोगों में एकता की कमी थी, तब मुनीब सिंह चौहान साहब ने राष्ट्रीय चौहान महासंघ की नींव रखी। उनका सपना था कि चौहान समाज एक मंच पर आए, एक आवाज बने, और अपने हक के लिए संगठित होकर लड़े। उन्होंने गांव-गांव, शहर-शहर जाकर लोगों को जोड़ा, युवाओं को संगठन से जोड़ा और बुजुर्गों का आशीर्वाद लेकर महासंघ को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया।

राष्ट्रीय चौहान महासंघ को खड़ा करने से लेकर समाज के गरीब, वंचित और पिछड़े वर्गों की आवाज उठाने तक, उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। शिक्षा, सामाजिक न्याय, गरीब बेटियों की शादी, बीमार लोगों की मदद – हर जगह वे सबसे आगे खड़े मिलते थे।

सादगी और संघर्ष की मिसाल-

जो लोग उनसे मिले हैं, वे बताते हैं कि वे बेहद सादगी पसंद, स्पष्टवादी और संघर्षशील व्यक्ति थे। पद और प्रतिष्ठा के पीछे कभी नहीं भागे। वे हमेशा कहते थे – “समाज से बड़ा कोई पद नहीं, और सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं।” यही उनकी जिंदगी का मूलमंत्र था।

उनके नेतृत्व में महासंघ ने कई सामाजिक आंदोलन किए, समाज के अधिकारों की लड़ाई लड़ी और युवाओं को राजनीति और समाज सेवा में आगे आने के लिए प्रेरित किया।

जताया शोक-

पत्रकार दिलीप कुमार चौधरी, अजय कुमार चौधरी, श्रीनिवास चौधरी, जवाहर चौहान, युगेशवर चौहान, बिनोद सिंह, धनवंत चौधरी ने गहरा शोक व्यक्त किया।

सभी ने कहा कि मुनीब सिंह चौहान साहब का निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। ऐसे व्यक्तित्व सदियों में एक बार पैदा होते हैं। उन्होंने समाज को दिशा दी, संगठन को मजबूती दी। उनकी कमी कभी पूरी नहीं हो सकेगी। आज समाज ने अपना एक सच्चा मार्गदर्शक खो दिया है।

ईश्वर से प्रार्थना-

सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि पुण्य आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

उनके जाने से समाज में जो खालीपन आया है, उसे भरना मुश्किल है, लेकिन उनके विचार, उनके आदर्श और उनका संगठन हमेशा लोगों को प्रेरणा देता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जरूर पढ़े