सतबरवा। लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। पर्व को लेकर सतबरवा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भक्तिमय माहौल बनने लगा है। छठव्रती पूरे नियम-निष्ठा और पवित्रता के साथ अनुष्ठान में जुट गए हैं।नहाय-खाय के मौके पर छठव्रतियों ने स्नान कर शुद्धता के साथ कद्दू-भात का प्रसाद ग्रहण किया। कई छठव्रती अपनी मनोकामना की पूर्ति और लोक कल्याण की कामना को लेकर घर-घर जाकर भिक्षा मांगते नजर आए।चार दिवसीय अनुष्ठान के दूसरे दिन शनिवार को खरना होगा। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य और सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य दिया जाएगा। इसके साथ ही महापर्व का समापन होगा।इधर, छठ को लेकर नदी, तालाब और आहरों की साफ-सफाई के साथ घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। घाटों पर रंग-बिरंगी लाइटें लगाई जा रही हैं। बाजार में पूजन सामग्री की दुकानें भी सज गई हैं। छठव्रती सूप, दउरा, फल, नारियल सहित अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं।वहीं, पर्व के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने गश्ती तेज कर दी है। दूसरी ओर, कई समाजसेवी संगठनों और स्थानीय लोगों ने छठव्रतियों के बीच फल और दूध वितरण की तैयारी की है। इससे पूरे क्षेत्र में छठ की रौनक बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जरूर पढ़े