सतबरवा । चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को सतबरवा प्रखंड व आसपास के क्षेत्र में छठ व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया।पूरे प्रखंड क्षेत्र में छठ घाटों की साफ-सफाई के साथ रंग-बिरंगे बल्ब, कपड़ा और छाता से सजाया गया था। घाट तक जाने वाला रास्ता फूल और लाइट से जगमगा रहा था।शाम होते ही गाजे-बाजे के साथ छठ व्रति दंडवत देते हुए नदी, तालाब, आहार में पहुंचे। महिलाओं ने हाथ में सूप, फल, ठेकुआ और पूजा का सामान लेकर जल में प्रवेश किया। जल में खड़े होकर छठ व्रतियों ने सूर्य की उपासना की और उन्हें अर्घ्य अर्पित किया।सतबरवा के राम घाट व लक्ष्मण घाट में भगवान सूर्य का मंदिर है, जिसे विशेष रूप से सजाया गया था। इन दोनों घाटों पर सबसे ज्यादा भीड़ देखी गई। हजारों श्रद्धालु पूजा के लिए पहुंचे।संध्या होते ही पूरा घाट दीयों की रोशनी से जगमगा उठा। व्रतियों ने हाथ में दीया लेकर छठी मैया की पूजा की, जिसकी परछाई पानी में साफ दिख रही थी।इस मौके पर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल के जवान घाटों पर तैनात थे, ताकि पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।चार दिवसीय छठ महापर्व का तीसरा दिन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। अब सोमवार सुबह व्रति उगते सूर्य को अर्घ्य देंगे, इसके बाद महापर्व का समापन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जरूर पढ़े