तरहसी (पलामू)। तरहसी थाना क्षेत्र के बेदानीखुर्द गांव में 21 अक्टूबर को हुई तुलेश्वर महतो (45) की गोली मारकर हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी उर्मिला देवी ने डेढ़ लाख रुपए की सुपारी देकर अपने पति की हत्या कराई थी। इस मामले में पुलिस ने पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त देशी कट्टा, एक गोली, दो मोटरसाइकिल और सभी के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर को तुलेश्वर महतो को घर से बाहर बुलाकर अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी थी। इस मामले में मृतक के भाई मुरारी महतो के बयान पर तरहसी थाना कांड संख्या 114/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर लेस्लीगंज एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। अनुसंधान के दौरान मृतक के साढ़ू शैलेश महतो के बेटे राहुल कुमार से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, राहुल ने बताया कि तुलेश्वर महतो ने अपनी पहली पत्नी उर्मिला देवी को छोड़कर दूसरी शादी कर ली थी। इसी बात से नाराज उर्मिला ने हत्या की साजिश रची।पुलिस के अनुसार, उर्मिला के कहने पर राहुल ने डेढ़ लाख रुपए लेकर अपने साथ ट्रक चलाने वाले शंकर यादव से संपर्क किया। शंकर ने मनिका थाना क्षेत्र के नरेश सिंह को पैसे देकर हत्या की जिम्मेदारी सौंपी। इसके बाद नरेश ने तुलेश्वर महतो की गोली मारकर हत्या कर दी।पुलिस ने इस मामले में उर्मिला देवी, राहुल कुमार, शंकर यादव और नरेश सिंह को गिरफ्तार किया है। छापेमारी टीम में लेस्लीगंज एसडीपीओ, पाटन अंचल के पुलिस निरीक्षक, तरहसी थाना प्रभारी राजेश रंजन सहित रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।
