मेदिनीनगर।पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के शहर थाना क्षेत्र के तीनकोनिया के पास दिनदहाड़े महिला से चार लाख रूपए लूटने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 48 घंटे के भीतर पुलिस को यह कामयाबी मिली है। शुक्रवार को आरोपी को सार्वजनिक करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आरोपी की पहचान जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के कुदागाखुर्द निवासी हैदर अंसारी (25 वर्ष) पिता निजाम अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने लूटी गयी पूरी रकम बरामद की है।बताते चलें कि जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के सलतुआ निवासी ललीता देवी पति भोला साव के हाथ से चार लाख रूपए से भरा झोला छीनकर एक उच्चक्का फरार हो गया था। बुधवार दोपहर एक बजे तीनकोनिया के पास घटना हुई थी। महिला पंजाब एंड सिंध बैंक से रुपये निकालकर घर जा रही थी। पति के इलाज एवं कर्ज भरने के लिए उसने बैंक से पैसे निकाले थे।दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद सनसनी फैल गयी थी और पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठ रहे थे। महिला से जरूरी जानकारी लेकर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। आरोपी की पहचान करने में महिला के साथ साथ सीसीटीवी कैमरे ने बड़ी भूमिका निभायी।मेदिनीनगर एसडीपीओ राजेश यादव ने शुक्रवार दोपहर चार बजे बताया कि पलामू के चैनपुर के सलतुआ की ललीता देवी के साथ चार नवंबर को छीनतई की घटना शिवाजी मैदान जाने वाले रास्ते में तीनकोनिया के पास एक गली के पास हुई थी। अज्ञात अपराधी उनका चार लाख रूपए से भरा झोला छीनकर फरार हो गया था।इस संबंध में शहर थाना में कांड संख्या 412/26, दिनांक 04 नवंबर 2026 को धारा 304 (2)/3 (5) के तहत मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान एवं निशानदेही पर छीनतई की पूरी चार लाख रकम बरामद कर ली गई है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जरूर पढ़े