मेदिनीनगर। पलामू के ऐतिहासिक राजा मेदिनीराय की स्मृति में फुलवरिया में मंगलवार से लगने वाले दो दिवसीय मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मेले को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। मेला परिसर में सैकड़ों की संख्या में दुकानें सज चुकी हैं। बच्चों और युवाओं के मनोरंजन के लिए कई तरह के झूले लगाए गए हैं। वहीं, डांस कार्यक्रम के लिए आकर्षक मंच भी तैयार किया गया है।हालांकि मेला औपचारिक रूप से दो दिनों तक चलेगा, लेकिन सोमवार से ही यहां हजारों की संख्या में लोगों का पहुंचना शुरू हो गया है। आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज के क्षेत्रों से भी लोगों के आने का सिलसिला जारी है।यह ऐतिहासिक मेला पलामू किले की तलहटी में औरंगा नदी के तट पर आयोजित होता है। मेले में खरीदारी और मनोरंजन के साथ लोगों के लिए पलामू किले का दीदार भी प्रमुख आकर्षण रहता है। हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग मेले में पहुंचने के साथ ऐतिहासिक किले को देखने और राजा मेदिनीराय की गौरवशाली विरासत को करीब से जानने का अवसर प्राप्त करते हैं।मेले का उद्घाटन पांकी विधायक कुशवाहा डॉ. शशिभूषण मेहता एवं आयुष तिर्की उर्फ राजू तिर्की के द्वारा किया जायेगा। आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह है। मेले के माध्यम से एक ओर जहां ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलती है, वहीं दूसरी ओर ऐतिहासिक विरासत और लोक संस्कृति से नई पीढ़ी को जुड़ने का अवसर भी मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जरूर पढ़े