मेदिनीनगर। चेरो वंश के प्रतापी राजा मेदिनीराय की स्मृति में फुलवरिया स्थित औरंगा नदी के तट पर मंगलवार को दो दिवसीय ऐतिहासिक मेला शुरू हुआ। छठ महापर्व के दूसरे दिन से लगने वाले इस मेले में पहले दिन ही लोगों की भीड़ उमड़ने लगी। मेले का उद्घाटन मनिका विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी मुनेश्वर उरांव, राजू तिर्की उर्फ आयुष तिर्की और रिंकू मेहता ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।उद्घाटन समारोह में वक्ताओं ने राजा मेदिनीराय के शासनकाल, वीरता, न्यायप्रियता और प्रजा के प्रति संवेदनशीलता को याद किया। उन्होंने कहा कि राजा मेदिनीराय का शासनकाल खुशहाली और समृद्धि का प्रतीक था। उनके राज में कोई भूखा नहीं सोता था। आज भी बुजुर्गों की जुबान पर ‘धन-धन राजा मेदिनीय, घर-घर बाजे मथनियां’ की कहावत सुनाई देती है। यह कहावत उस दौर की खुशहाली और समृद्धि की कहानी बयां करती है। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे महान शासक की विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।1965 में तत्कालीन डीसी ने रखी थी मेले की नींवफुलवरिया का यह मेला केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि छह दशक से अधिक पुरानी ऐतिहासिक परंपरा का हिस्सा है। वर्ष 1965 में तत्कालीन पलामू उपायुक्त सुरेश सिंह की पहल पर इसकी शुरुआत हुई थी। शुरुआती दौर में जिला प्रशासन मेले के आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाता था। विभिन्न क्षेत्रों से किसान अपने पशुओं को प्रदर्शनी के लिए लाते थे। बेहतर पशुपालन करने वाले किसानों को प्रशासन की ओर से सम्मानित भी किया जाता था। बाद के वर्षों में प्रशासनिक भागीदारी कम होती गई, लेकिन स्थानीय लोगों ने आपसी सहयोग से मेले की परंपरा को टूटने नहीं दिया।राजकीय मेले का दर्जा मिलने से बढ़ेगी पहचानमेले में पलामू के अलावा गढ़वा, लातेहार समेत आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों ने इस ऐतिहासिक आयोजन को राजकीय अथवा राजस्व मेले का दर्जा देने की मांग उठाई। उनका कहना है कि सरकारी मान्यता मिलने से मेले के विकास, आधारभूत सुविधाओं और प्रचार-प्रसार को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही राजा मेदिनीराय से जुड़ी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान मिल सकेगी।इससे पहले बैगा पाहन ने पारंपरिक रीति-रिवाज से चेड़ी पूजा संपन्न कराई। मांदर की थाप और पारंपरिक पूजा-अर्चना से मेले का माहौल पूरी तरह उत्सवी हो गया। मौके पर मेला समिति के अध्यक्ष उमेश सिंह, रिंकू मेहता, मुकेश मेहता, मुकेश सिंह, अभिषेक कुमार, रबी मेहता, सोनू, श्रीराम सिंह, पावन गुप्ता, सोनू राम समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जरूर पढ़े