सतबरवा। प्रखंड क्षेत्र के चेतमा गांव में मंगलवार को दो दिवसीय पारंपरिक जतरा मेला का शुभारंभ हुआ। मेले का उद्घाटन बैगा पचचु भुइयां ने चेडी की पूजा-अर्चना कर किया। मेले में सुबह से ही आसपास के गांवों के लोगों की भीड़ जुटने लगी। घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानों पर लोगों ने जमकर खरीदारी की। वहीं लखटो और बादाम की बिक्री भी खूब हुई।मेले के सफल आयोजन को लेकर नवयुवक मेला निगरानी समिति के अध्यक्ष बिट्टू सिंह, कोषाध्यक्ष पंकज सिंह, सचिव विक्रम सिंह और तुलसी सिंह सहित समिति के दर्जनों सदस्य सक्रिय रहे।निर्मल बाग के नाम से भी प्रसिद्ध है जतरा मेलास्थानीय स्तर पर इस जतरा मेले को निर्मल बाग के नाम से भी जाना जाता है। इस मेले का ऐतिहासिक जुड़ाव प्रस्तावित औरंगा जलाशय योजना के डूब क्षेत्र में आने वाले 21 गांवों से रहा है। इन गांवों के लोगों का नेतृत्व चेतमा निवासी स्वर्गीय निर्मल सिंह करते थे। उन्होंने क्षेत्र के लोगों के अधिकारों और समस्याओं को लेकर आंदोलन का नेतृत्व किया था।सांसद प्रतिनिधि धीरज कुमार ने बताया कि यह मेला वर्षों से आयोजित होता आ रहा है। इसकी शुरुआत स्वर्गीय निर्मल सिंह ने की थी। वे क्षेत्र के लोगों को संगठित कर आंदोलन का नेतृत्व करते थे। आज भी यह मेला उनकी स्मृतियों और क्षेत्र की पारंपरिक पहचान से जुड़ा हुआ है।
