सांसद पलामू श्री विष्णु दयाल राम ने शुक्रवार को मेदिनीनगर स्थित अपने शांतिपुरी आवास पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के परियोजना निदेशक श्री कुमार चित्रांश के साथ पलामू संसदीय क्षेत्र में चल रहे राष्ट्रीय राजमार्गों के फोरलेन निर्माण कार्यों की प्रगति एवं अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के संबंध में विस्तृत चर्चा एवं समीक्षा की।बैठक के दौरान फोरलेन निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, निर्माण की प्रगति तथा कार्यों के निष्पादन में आ रही समस्याओं की विस्तार से समीक्षा की गई। सांसद श्री राम ने विशेष रूप से सतबरवा बाईपास, पोलपोल बाईपास, डालटनगंज बाईपास, रमना, नगर उंटारी बाईपास, छतरपुर बाईपास एवं हरिहरगंज बाईपास सहित विभिन्न स्थानों पर चल रहे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने पर जोर दिया।उन्होंने इन सभी क्षेत्रों में पुराने एवं जर्जर सड़क (ओल्ड रोड) के निर्माण एवं मरम्मतीकरण का कार्य अविलंब प्रारंभ कराने तथा फोरलेन निर्माण कार्यों में तेजी लाने का निदेश दिया। साथ ही, लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि आम जनता को आवागमन में हो रही परेशानियों से राहत मिल सके और यातायात व्यवस्था सुगम एवं सुरक्षित बन सके।सांसद श्री राम ने कहा कि पलामू संसदीय क्षेत्र में सड़क एवं आधारभूत संरचना का विकास तथा आम जनता के लिए सुरक्षित, सुगम और बेहतर आवागमन की सुविधा सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस दिशा में राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण एवं मरम्मतीकरण कार्यों की निरंतर समीक्षा की जा रही है, ताकि सभी लंबित कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जरूर पढ़े