सतबरवा। सतबरवा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रोशनी और खुशियों का त्योहार दीपावली शांतिपूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दीपावली को लेकर कई दिनों से लोगों में उत्साह का माहौल था। त्योहार के अवसर पर घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई के साथ आकर्षक सजावट की गई थी। शाम होते ही दीपों और रंग-बिरंगी बिजली की झालरों से पूरा क्षेत्र जगमगा उठा।इस अवसर पर सतबरवा प्रखंड के रांकी खुर्द गांव में विशेष उत्साह देखने को मिला। यहां ग्रामीणों की ओर से मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने माता लक्ष्मी एवं भगवान गणेश की आराधना की। लोगों ने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और क्षेत्र की उन्नति के लिए प्रार्थना की। पूजा के दौरान ग्रामीणों की सहभागिता देखने को मिली।दीपावली को लेकर बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में भी खासा उत्साह रहा। लोगों ने अपने घरों के आंगन में रंगोली बनाई तथा दीप और मोमबत्तियां जलाकर खुशियां मनाईं। वहीं, बच्चों ने आतिशबाजी कर त्योहार का आनंद लिया। बाजारों में भी मिठाइयों, पूजा सामग्री और सजावटी सामान की खरीदारी को लेकर चहल-पहल बनी रही।इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं और आपसी प्रेम, भाईचारे तथा सद्भाव का संदेश दिया। सतबरवा और आसपास के गांवों में दीपावली का पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में धूमधाम से संपन्न हुआ।
