घायलों को बेहतर इलाज के लिए रांची किया गया रेफर, इलाज की मांग पर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम; निर्माण कंपनी ने दाह-संस्कार के लिए दिए 10 हजार रुपये

 सतबरवा  

राष्ट्रीय राजमार्ग-39 (एनएच-39) पर सतबरवा थाना क्षेत्र के ठेमा मोड़ के पास अर्धनिर्मित फोरलेन सड़क को ग्रामीणों ने बुधवार को जाम कर ,सड़क निर्माण कंपनी के खिलाफ आक्रोषपूर्ण प्रदर्शन किया।

क्या है मामला –

 फोर लेन सड़क निर्माण कंपनी के द्वारा सड़क निर्माण के लिए गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया था , जिसमें सोमवार को करीब चार बजे मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। जिसमें  बाइक सवार जगदीश भुइयां (25), उनकी पत्नी सुनैना देवी (20) और उनकी छोटी साली रबिता कुमारी (16) वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गये। दुर्घटना के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर एमएमसीएच भेजा गया था। गंभीर अवस्था को देखते हुए बुधवार को चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए तीनों को रांची रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, लातेहार जिले के सुखड़नाटांड़ निवासी जगदीश भुइयां, पिता बिनोद भुइयां, अपनी पत्नी सुनैना देवी और छोटी साली रबिता कुमारी के साथ सतबरवा के ठेमा गांव स्थित अपने बीमार ससुर मुना भुइयां (करीब 50 वर्ष) को देखने आ रहे थे। इसी दौरान फोरलेन निर्माण के लिए सड़क के दोनों ओर की गई खुदाई से बने गड्ढे में उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

मरीज को रांची रेफर करने की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क निर्माण करा रही भारतमाला कंपनी के प्रतिनिधियों से घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था कराने की मांग की। आरोप है कि इस दौरान कंपनी के पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को धमकाया। इसके बाद देखते ही देखते सैकड़ों महिला-पुरुष सड़क पर पहुंच गए और अर्धनिर्मित सड़क पर धरना शुरू कर दिया।

इसी दौरान मुना भुइयां भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के बीच चल रहे घटनाक्रम के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह गिर पड़े। उन्हें तत्काल नवजीवन अस्पताल, तुम्बागड़ा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुना भुइयां की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया। लोगों ने सड़क निर्माण कंपनी के पदाधिकारियों को मौके पर बुलाने और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था कराने की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।

सूचना मिलने पर बीडीओ सह सीओ विजय कुमार और सतबरवा पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। इसके बाद बीडीओ सह सीओ ने संबंधित पदाधिकारियों से बातचीत कर तीनों घायलों का बेहतर इलाज कराने का आश्वासन दिया। वहीं, सड़क निर्माण विभाग की ओर से मुना भुइयां के दाह-संस्कार के लिए तत्काल 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। घायलों के बेहतर इलाज का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त किया।

मौके पर सांसद प्रतिनिधि धीरज कुमार, अनिल सिंह, विधायक प्रतिनिधि प्रमोद यादव, मुखिया पति शंभू उरांव, मीना देवी, बसंती, रूपा देवी, शोभा देवी समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जरूर पढ़े