पलामू। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में चैनपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 12.48 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से तस्करी में प्रयुक्त एक नीले रंग की मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर की शाम गश्ती के दौरान पुलिस अवर निरीक्षक शिवनाथ रंजन को गुप्त सूचना मिली कि गढ़वा की ओर से दो युवक मोटरसाइकिल पर मादक पदार्थ लेकर चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर चौक की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने मगरदाहा घाटी में वाहन जांच शुरू कर घेराबंदी की।इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन उस पर सवार दोनों युवक भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान सुनित कुमार सिंह की जैकेट की जेब से प्लास्टिक सहित 12.48 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल और दोनों मोबाइल फोन जब्त कर लिए।
