रात 11:30 बजे मजदूरों ने देखा आग का तांडव, पुलिस और दो अग्निशमन वाहनों की मदद से तीन घंटे में पाया गया काबू

सतबरवा। सतबरवा थाना क्षेत्र के बकोरिया पंचायत अंतर्गत चरवाडीह स्थित हीरा ईंट भट्ठे में बीती रात अपराधियों ने खड़े दो ट्रैक्टर और एक जेसीबी मशीन में आग लगा दी। आगजनी की इस घटना में तीनों वाहन बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और भट्ठे में काम करने वाले मजदूरों ने मोटर पंप चलाकर आग बुझाने का प्रयास किया। इस बीच मेदिनीनगर और लातेहार से एक-एक अग्निशमन वाहन भी पहुंचा। मनिका थाना की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब तीन बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।

भट्ठे में कार्यरत मजदूर टिगंबर ने बताया कि सभी मजदूर रात करीब 10:30 बजे सोने चले गए थे। करीब 11:30 बजे अचानक वाहनों में आग लगी दिखाई दी। इसके बाद मजदूरों ने तत्काल इसकी सूचना मुंशी को दी।

भट्ठे के मुंशी मुनेश्वर सिंह ने बताया कि भट्ठा में 20 मजदूर कार्यरत हैं, मजदूरों से आग लगने की सूचना मिलते ही वे घटनास्थल पर पहुंचे। उस समय तक आग ने वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया था। पुलिस और मजदूरों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। रात करीब एक बजे दोनों अग्निशमन वाहन पहुंचे और तीन बजे तक आग पर काबू पाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर लातेहार के भट्ठा मालिक प्रकाश साहू के पुत्र विक्की और अमन  भी रात में मौके पर पहुंचे।

थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस रात में गश्ती पर थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने में सहयोग किया। अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी गई थी। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। भट्ठा मालिक की ओर से अब तक कोई लिखित आवेदन या प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जरूर पढ़े