मेदिनीनगर । पलामू जिले में बैंककर्मियों के साहस एवं सूझबूझ से लूट की बड़ी वारदात विफल हो गई। जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के आढ़त रोड स्थित झारखंड ग्रामीण बैंक शाखा में सोमवार दोपहर साढ़े तीन से चार बजे के बीच ग्राहक बनकर आए एक अपराधी ने पिस्टल दिखाकर लूटपाट की कोशिश की।शाखा प्रबंधक एवं एक अन्य बैंककर्मी के लुटेरे से भिड़ जाने के कारण वह घबरा गया और नकदी छोड़कर पिस्टल फेंककर मौके से फरार हो गया।सूचना मिलने पर मेदिनीनगर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। बैंककर्मियों से मिली जानकारी एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लुटेरे की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। बीच बाजार हुई इस घटना से सनसनी फैल गई है। अगर वारदात सफल होती तो 13 लाख रुपये नकद की लूट हो सकती थी।शाखा प्रबंधक धनंजय शर्मा के अनुसार दोपहर करीब 3:45 बजे मास्क लगाए एक युवक बैंक में पहुंचा एवं खाते से पैसे निकालने की बात कही। पासबुक मांगने पर मोबाइल में रहने की बात कही। पासबुक देने एवं मास्क हटाने को लेकर बहस हुई। इसी क्रम में युवक कैश काउंटर के पास पहुंच गया। वहां आते ही पिस्टल निकालकर तान दी एवं पास में रखे झोले को देखकर सारी नकद राशि भरने की चेतावनी दी। गोल्ड भी मांगा।
