सतबरवा। सतबरवा थाना क्षेत्र के सिंदुरिया गांव में सोमवार की रात लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। रास्ता खाली कराने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और पथराव में बदल गया। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले। इस दौरान आधा दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। वहीं, उपद्रव के दौरान पुलिस वाहन के शीशे भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस रात से ही गांव में कैंप कर रही है।जानकारी के अनुसार, सिंदुरिया गांव के अरु टोला और देवी धाम मंदिर परिसर में अलग-अलग स्थानों पर लक्ष्मी पूजा की प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। सोमवार की रात करीब आठ बजे अरु टोला के ग्रामीण डीजे की धुन पर नाचते-गाते प्रतिमा विसर्जन के लिए देवी धाम मंदिर पहुंचे। वहां पहले से दूसरी प्रतिमा के विसर्जन की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान रास्ता खाली कराने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।सूचना पर प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद अरु टोला की प्रतिमा का विसर्जन कराया गया। हालांकि, दूसरी प्रतिमा के विसर्जन को लेकर ग्रामीणों ने बाहरी लोगों के पहुंचने की आशंका जताते हुए तत्काल विसर्जन से इनकार कर दिया। इसके बाद प्रशासन ने अपनी निगरानी में देवी धाम मंदिर की प्रतिमा का विसर्जन कराने का निर्णय लिया। मंदिर के करीब दस लोगों को साथ लेकर प्रशासन की टीम बाजे-गाजे के साथ विसर्जन जुलूस लेकर निकली। जुलूस अरु टोला पहुंचा तो फिर हंगामा शुरू हो गया। दोनों पक्षों के बीच दोबारा लाठी-डंडे और पत्थरबाजी होने लगी। इस दौरान पुलिस को भी स्थिति नियंत्रित करने में मशक्कत करनी पड़ी और पुलिस वाहन के शीशे टूट गए।एक ही परिवार के तीन लोग घायलघटना में सोनम भगत (22), प्रतिमा देवी (45) और श्रीकिसुनधारी भगत समेत एक ही परिवार के तीन लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। अन्य घायलों की संख्या भी आधा दर्जन से अधिक बताई जा रही है।53 नामजद और 200 अज्ञात पर प्राथमिकीइस संबंध में एसआई बबलू कुमार ने बताया कि मामले में 53 नामजद और 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की नौ धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त करने के मामले में भी अलग से प्राथमिकी दर्ज की गई है।वहीं, एसडीपीओ राजेश यादव ने रात में घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि फिलहाल गांव में स्थिति शांतिपूर्ण है। पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। एहतियात के तौर पर पुलिस गांव में कैंप कर रही है। दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प को लेकर पलामू जिला कांग्रेस कमिटी की महासचिव सह पूर्व मंत्री प्रतिनिधि विवेका त्रिपाठी ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।उन्होंने घटना पर चिंता जताते हुए क्षेत्रवासियों से आपसी भाईचारा, प्रेम और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की पहचान हमेशा से आपसी एकता, शांति और सद्भाव के लिए रही है। किसी भी विवाद या तनाव को आपसी समझदारी और संयम के साथ सुलझाना चाहिए।
